दुल्लहपुर। स्थानीय रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित इलेक्ट्राॅनिक सामान के दुकानदार से ठग ने इलाज का हवाला देकर सोमवार की देर शाम 29 हजार रुपये ठग लिए थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि मरदह के कोड़री गांव निवासी रामजन्म यादव की दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन रोड पर इलेक्ट्राॅनिक सामान की दुकान है। उन्होंने बताया कि देर शाम मोबाइल पर फोन आया। ठग ने कहा कि उसके परिवार के एक सदस्य की तबीयत खराब है। तत्काल इलाज के लिए 80 हजार की जरूरत है।
मैं आपको ये पैसे ऑनलाइन भेज रहा हूं, ये पैसे आप अपने अकाउंट से मेरे खाते में भेज दीजिए। पीड़ित ने बताया कि फोन के बाद 80 हजार आने का मेसेज आया लेकिन पैसा नहीं आया। उसने ठग को फोन किया तो उसने कहा 40 हजार पहले भेज दीजिए। दुकानदार ने बताया कि बिना जांच किए 29000 रुपये उस नंबर पर भेज दिए।
शेष रकम के लिए एक व्यक्ति के पास गए तो उसने ठगी का शक जाहिर किया। इस पर दुकानदार ने जांच की तो पता चला कि उसके साथ ठगी हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की छानबीन चल रही है। संवाद