नगर क्षेत्र में बंदरों का आतंक भारी पड़ने लगा है। करीब 100 से 150 बंदरों के झुंड ने कस्बे में दहशत फैला रखी है। बंदरों के काटने से रोजाना 25 से 30 लोग उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच रहे हैं। छतों से कपड़े और सामान उठा ले जाने के साथ राहगीरों से खाने-पीने की वस्तुएं छीनना और बच्चों व बुजुर्गों पर हमला करना आम हो गया है। हालात ऐसे हैं कि महिलाएं छतों पर जाने से भी कतरा रही हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. रुद्रकांत सिंह ने बताया कि प्रतिदिन बंदर काटने के 25 से 30 मरीज पहुंच रहे हैं। अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध है। उधर, बिजली के तारों पर बंदरों की उछल-कूद से भी हादसे की आशंका बनी हुई है। कई महीनों से बनी इस समस्या के बावजूद लोगों को निजात नहीं मिल सकी है।
मामले को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जिशान जलाली ने कहा कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही अधिशासी अधिकारी और उपजिलाधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव प्रशासन कुंदन खरवार ने नगर पालिका और वन विभाग पर उदासीनता का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि 15 दिनों के भीतर बंदरों को पकड़ने का अभियान शुरू नहीं हुआ तो कांग्रेस नगरवासियों के साथ धरना-प्रदर्शन और व्यापक आंदोलन करेगी।
इस पर उपजिलाधिकारी निधि ने आश्वासन दिया कि बंदरों को पकड़ने के लिए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से वार्ता कर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
इस दौरान अरविंद कुमार मौर्य, आसिफ, एजमामुल हक, शशिकांत श्रीवास्तव, कामता सिंह, श्याम नारायण, तसव्वर अंसारी, कमला यादव, तौवसिफ, मक्खन वर्मा, युसुफ बशर, आलोक खरवार, प्रवीण खरवार, विद्याशंकर मौर्य, इस्तियाक अहमद, अभिमन्यु, शम्भू चौधरी, सोनू, अजय और जीउत खरवार सहित कई लोग मौजूद रहे।