गाजीपुर। जिले में डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर-2019 की परीक्षा शनिवार को संपन्न हो गई। परीक्षा दो पालियों में हुई। पहली पाली में हिंदी और दूसरी पाली में अंग्रेजी की परीक्षा कराई गई। दोनों विषयों में कुल 25025 परीक्षार्थी पंजीकृत थे उसमें 2203 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि 22805 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
सुबह की पाली में हिंदी की परीक्षा हुई। इसमें 12205 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें से 11122 उपस्थित और 1083 अनुपस्थित रहे। अंग्रेजी में 12815 पंजीकृत थे। इसमें 11683 उपस्थित हुए और 1120 अनुपस्थित रहे। डायट सैदपुर के उप शिक्षा निदेशक सोमारू प्रधान ने पहली पाली में माता तपेश्वरी इंटर कालेज मरदह केंद्र का निरीक्षण किया और परीक्षा के बाद कापियों को सील पैक भी कराया। इससे पूर्व उन्होंने शशांक इंटर कालेज हरहरी और महात्मा ज्योतिबा राव फूले उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महमूदपुर सरायमुबारक मरदह केंद्र का निरीक्षण किया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. ओपी राय ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। कुछ केंद्रों पर कोविड के निर्देशानुसार व्यवस्था नहीं होने पर उसे पूरा कराया। सचल दस्ते ने भी कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।