उच्च न्यायालय के आदेश पर बुधवार को तहसीलदार विराग पांडेय के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने करीमुद्दीनपुर थाना के चक फातमा गांव स्थित सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाए गए 22 लोगों के घरों को ध्वस्त करा दिया। इस कार्रवाई से अवैध कब्जा करने वालों में खलबली मच गई।
करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के चक फातमा गांव के आराजी नंबर 285 रकबा 0.640 हेक्टेयर खलिहान और आराजी नंबर 240 रकबा 0.275 हेक्टेयर कोट की जमीन पर गांव के ही 22 लोगों ने अवैध कब्जा कर पक्का मकान बनाकर और झोपड़ी डालकर कब्जा कर लिया था। जमीन को खाली कराने के लिए ग्राम प्रधान जयकिशुन की याचिका पर उच्च न्यायालय ने बेदखली का आदेश पारित किया था। तहसीलदार विराग पांडेय के नेतृत्व में कानूनगो, लेखपाल और पुलिस टीम जेसीबी के साथ पहुंची। जेसीबी से अवैध निर्माणों को ढहाकर जमीन को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराकर अतिक्रमणकारियों को बेदखल करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। खलिहान और कोट की जमीन पर अतिक्रमण कर मकान बना लेने वाले के खिलाफ कार्रवाई से अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया। इस मौके पर राजस्व निरीक्षक राकेश यादव, लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष संतोष राय, यतीश दुबे, रामभुवन, गौतम, दीपक यादव, ज्ञानेंद्र ओझा और थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर धीरेंद्र सिह और थानाध्यक्ष बरेसर राजेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौजूद थे।