गाजीपुर। छात्र संघ की राजनीति में कैरियर संवारने के लिए मैदान में उतरे छात्र नेताओं के चेहरे पर अजीब खुशी थी तो आंखों में भविष्य को लेकर हसीन ख्वाब भी नजर आ रहा था। कोई सियासी चोला लक-दक कुर्ता, पायजामा पहने था तो कोई जींस और कुर्ता। समर्थकों द्वारा लादे गए फूल-मालाओं से नामांकन करने आए छात्र नेता राजनीति के सधे खिलाड़ी जैसे दिख रहे थे। गुरुवार को गाजे-बाजे और डीजे के धुन पर समर्थकों संग जुलूस लेकर स्वामी सहजानंद और पीजी कालेज में नामांकन के दौरान कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला।
स्नातकोत्तर महाविद्यालय और स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्र संघ चुनाव को लेकर पिछले कई माह से छात्र नेता चुनाव की तैयारी में जुटे थे, लेकिन चुनाव की अधिसूचना जारी नहीं होने के बाद उनके दिल में अजीब सी बेचैनी थी। दो दिन पूर्व पीजी कालेज प्रशासन द्वारा चुनाव की अधिसूचना जारी कर चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया तो मैदान में विभिन्न पदों पर भाग्य आजमाने की जोर-आजमाइश करने वाले छात्र नेताओं की बाछें खिल गई। उनके समर्थकों में भी खुशी का ठिकाना न रहा। नामांकन के लिए गुरुवार की तिथि घोषित थी। लिहाजा मैदान में उतरे छात्र नेताओं की ओर से अपने नामांकन को यादगार बनाने के लिए पिछले चौबीस घंटे से बड़े पैमाने पर तैयारियां की गईं थी। गुरुवार की सुबह से ही दोपहर बाद तक नामांकन जुलूस की वजह से नगर के विभिन्न मार्गों पर प्रत्याशियों और समर्थकों का कब्जा रहा। सुबह के बाद जैसे-जैसे दिन चढने लगा, वैसे-वैसे अपने कुनबे से छात्र नेता भी निकलने शुरू हो गए। कोई मंदिर में मत्था टेंका तो कोई अपने माता-पिता और शुभचिंतकों का आशीर्वाद लेकर नामांकन के लिए निकल पड़ा। करीब 11 बजे के बाद नगर में छात्रसंघ चुनाव के लिए होने वाले नामांकन का उत्सव दिखाई देने लगा। जुलूस के साथ नामांकन करने आ रहे छात्र नेताओं के समर्थक जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे तो बीच-बीच से आवाज आ रही थी भइया तुम संघर्ष करो, हम आपके साथ हैं..। कोई नहीं है टक्कर में, क्या पड़े हो चक्कर में, टेम्पो हाई है, सरीखे नारे लगाकर समर्थक छात्र अपने छात्र नेता में जोश भर रहे थे। गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर तमाम छात्र नांचते-गाते भी नजर आ रहे थे। ऐसे खुशनुमा माहौल में छात्र नेताओं के चेहरे पूरी तरह से खिले थे तो उनकी आंखों में हसीन ख्वाब भी दिख रहे थे। सभी छात्र नेताओं का यही कहना था कि हम अपने साथी छात्रों के सुख-दुख के साथी हैं। इस चुनाव में साथियों का आशीर्वाद उन्हें जरूर मिलेगा।