मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। शनिवार की रात तेज गरज चमक के बीच हुई बारिश से जहां पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया। वहीं बिजली गिरने से दो युवक झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
शनिवार की रात में तेज चमक के साथ जोरदार बारिश शुरू हुई। लगभग एक घंटे की बारिश में कई बार तेज आवाज के साथ बिजली चमकने से लोग भयभीत हो गए। तेज बारिश के चलते नगर की सड़कों पर बाढ़ जैसा दृश्य दिखाई देने लगा। जगह जगह जलजमाव हो जाने से लोगों को पानी के अंदर घुसकर आना-जाना पड़ा। बारिश से बचने के लिए कुंडेसर-शेरपुर मार्ग पर स्थित लालूपुर काली मां के मंदिर में शरण लिए शेरपुर खुर्द निवासी सुधीर यादव (21) तथा लालूपुर बांड़ निवासी सुनील कुमार यादव (20) बिजली की चपेट में आने से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने दोनों युवकों को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया।