गाजीपुर। लघु एवं सीमांत किसानों के लिए चलाई गई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों के विवरण की फीडिंग का काम कृषि विभाग की ओर से दिन-रात किया जा रहा है। 24 जनवरी को नई दिल्ली में इस योजना का शुभारंभ पीएम मोदी करेंगे। विभाग की माने तो उस दिन तक कम से कम जिले के दो लाख अस्सी हजार किसानों को लाभ दिलाया जाएगा। इसके लिए साढ़े सतरह हजार किसान प्रति ब्लाक का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि इसके बाद भी पात्र किसानों के चयन तथा फीडिंग का काम चलता रहेगा।
जिले में कुल सोलह ब्लाक हैं। पूर्व में तीन लाख छिहत्तर हजार किसानों की सूची तहसीलवार भेज दी गई थी। लेखपालों की ओर से इस सूची में शामिल किसानों की पात्रता का सत्यापन किया जा रहा है। सूची के अधिकतर किसान अपात्र हो जा रहे है। विभाग की ओर से प्रति ब्लाक कम से कम साढ़े सतरह हजार किसानों की फीडिंग का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए किसान का आधार कार्ड, बैंक पासबुक तथा खतौनी आदि विवरण भरे जाने का काम जोर शोर से किया जा रहा है। इस योजना के लिए पेंशन या वेतन प्राप्त जन प्रतिनिधि या सरकारी कर्मचारी पात्र नहीं होंगे। पात्र वहीं होगा जो पूर्णत: किसान है जिसके पास दो हेक्टेयर अर्थात आठ बीघा से कम जमीन होने के साथ ही घर में कोई नौकरी पेशा वाला न हो और वह आयकर रिटर्न भी न दाखिल करता हो। मासिक पेंशन भी अगर दस हजार से अधिक है या मां-बाप, पति- पत्नी कोई भी सरकारी सेवा या पेंशन भोगी है तो वह भी इस योजना के पात्र नहीं है। इस योजना के लिए कंट्रोल रुम 9565387770 पर पूछताछ की जा सकती है।
-सरकार की यह बहुत महत्वाकांक्षी योजना है। किसानों के डाटा फीडिंग का काम अनवरत चलता रहेगा। जिले के सभी पात्र किसानों को इसका लाभ दिया जाएगा - उप निदेशक कृषि डा. यूपी सिंह