गाजीपुर। विकास भवन के सभागार में ब्लॉक स्तर पर निर्माणाधीन आवास, शौचालय एवं पशुओं को रखने के लिए चारागाह के संबंध में सभी खंड विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। इसमें मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया ने कहा कि एक सप्ताह में खतौनी में जिस स्थान पर गोचर, पशुचर, चारागाह हैं ऐसी जमीन को तत्काल चिहिन्त करें। इन जमीनों पर आवारा व छुट्टा पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया। कहा कि चिन्हित जमीन की नापी कराई जाए। अगर जमीन किसी के कब्जे में है, तो उससे कब्जा मुक्त कराते हुए सीमेंटेड पिलर एवं चहारदीवारी का निर्माण दस जनवरी तक पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि आवास, शौचालय में लाभार्थियों की छूटी हुई किस्त की रकम के पैसे उनके खाते में भेजा जाए। सभी विकास खंड में पानी के साधन के लिए छोटे-बडे़े नाले, वाटर ड्रेनेज को चिन्हित करते हुए तत्काल सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। राष्ट्रीय आजीविका मिशन में बनाए गए ग्रुप में धनराशि भेजने को कहा। कहा कि जिले में ऐसे कुष्ठ रोगी जो विकलांगता की श्रेणी में आते हैं उन्हें 14 एवं 15 जनवरी को लगाए जाने वाले शिविर में पात्रता सूची में जोड़ते हुए आयुष्मान योजना में चयनित किया जाए। कहीं से भी कोई कुष्ठ रोगी योजना से वंचित न रहने पाए। बैठक में जिला विकास अधिकारी एम लाल, परियोजना निदेशक विजय प्रकाश वर्मा, सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित थे।