दुबिहां। बाराचवर विकास खंड के नेवादा ग्रामसभा में ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान द्वारा विकास कार्यों सहित शौचालय निर्माण में अनियमितता की शिकायत की थी। इसकी जांच करने के लिए मंगलवार को मुख्य जांच अधिकारी जिला विकलांग कल्याण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा अपनी टीम के साथ पहुंचे। इस दौरान नाली, खड़ंजा और शौचालय निर्माण की गहनता से जांच-पड़ताल की।
जांच अधिकारी जिला विकलांग अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर नेवादा गांव की गलियों, नालियों, खड़ंजा, मिट्टी कार्य, खेत में समतलीकरण, शौचालय निर्माण के कार्यों की बारीकी से जांच की गई। कुछ जांच बाकी है। इसकी रिपोर्ट बना कर जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से जांच टीम के साथ पुलिस भी मौजूद थी। ग्राम प्रधान उपेंद्रनाथ राय ने कहा कि मुझे राजनीतिक द्वेष के चलते फंसाया जा रहा है। मालूम हो कि नेवादा गांव के कुछ लोगों ने ग्राम प्रधान के विकास कार्यों की अनियमितता की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल सहित जिलाधिकारी से की थी। इस शिकायत पर जिलाधिकारी के बालाजी ने दो सदस्यों की टीम गठित कर जांच करने का निर्देश दिया था।