गाजीपुर। प्रकाशनगर विद्युत उपकेंद्र पर लालदरवाजा फीडर की सीटी शनिवार की शाम करीब चार बजे फट गई। इसकी वजह से पांच फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई। लाइनमैन फाल्ट को दुरुस्त करने में जुट गए। परेशानियों के बीच दर्जनों मुहल्ले के लोग अब-तब बिजली आने का इंतजार करते रहे।
प्रकाशनगर विद्युत उपकेंद्र से आमघाट सहकारी कालोनी, लालदरवाजा, सिटी स्टेशन, लंका, सिद्धेश्वरनगर, मिश्रबाजार, मालगोदाम, विशेश्वरगंज, तिलकनगर कालोनी, महुआबाग, रायगंज, पचरस्ता, सकलेनाबाद, छावनी लाइन, नौकापुरा, बड़ीबाह सहित दर्जनों मुहल्लों में अगल-अलग फीडरों से बिजली आपूर्ति की जाती है। शाम को करीब चार बजे तेज आवाज के साथ लालदरवाजा फीडर की सीटी फट गई। इससे लाइन ट्रिप हो गई और सभी फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई। ड्यूटी पर तैनात एसएसओ रामवचन ने तत्काल सीटी फटने की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही नगर एसडीओ शिवम राय उपकेंद्र पर पहुंच गए। लाइनमैनों को बुलाकर सीटी को दुरुस्त करने का कार्य प्रारंभ करा दिया। घंटों बाद भी बिजली का दर्शन न होने पर लोगों की परेशानी बढ़ गई। आपूर्ति कब तक सुचारु होगी, इसका पता लगाने के लिए लोग अधिकारियों और विद्युत उपकेंद्र पर फोन करने लगे। फोन पर बात न होने से तमाम लोग विद्युत उपकेंद्र पर पहुंच गए। देर शाम साढ़े सात बजे तक बिजली का दर्शन नहीं हुआ था और लोग परेशान थे। इस संबंध में विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ रामबचन ने बताया कि शाम को करीब साढ़े चार बजे लालदरवाजा फीडर की सीटी फट गई। इससे सभी फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई है। इस संबंध में नगर एसडीओ ने बताया कि सीटी को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। उम्मीद है कि रात 10-11 बजे तक सप्लाई सुचारु हो जाएगी।