सुहवल। स्थानीय गांववासियों में रविवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब लोगों के घरों में हाई वोल्टेज करेंट दौड़ गया और लोगों के विद्युत उपकरण तेज आवाज के साथ जलने लगे। करेंट के भय से तमाम लोग घरों से बाहर भाग गए। एक दर्जन से अधिक लोगों का फ्रीज, टीवी, मोबाइल, चार्जर सहित विद्युत से चलने वाले अन्य उपकरण जलकर नष्ट हो गए। इस घटना को लेकर लोगों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश था।
सुहवल गांव में आज सुबह करीब पांच बजे कोई मवेशियों को चारा डाल रहा था तो कोई घर के अंदर और बाहर सोया था। इसी बीच लोगों में हो-हल्ला के बीच उस समय अफरातफरी मच गई, जब लोगों के घरों में हाई वोल्टेज करेंट दौड़ गया। तमाम लोग जहां करेंट के भय से घरों से बाहर भाग खड़े हुए, वहीं कई लोग विद्युत उपकरणों को बचाने के लिए स्विच बंद करने लगे। इस हाई करेंट की वजह से पन्ना कनौजिया, रघुनाथ राम, मानिक राय, संतोष खरवार, नन्हेलाल, कृष्णानंद सहित एक दर्जन से अधिक लोगों के फ्रीज, टीवी, मोबाइल, चार्जर, एलईडी, बल्ब सहित विद्युत के अन्य विद्युत उपकरण जलकर नष्ट हो गए। इस घटना से ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश था। उनका कहना था कि इस घटना के लिए विद्युत विभाग जिम्मेदार है। उसकी तरफ से जर्जर तारों को बदलने का कार्य नहीं किया जा रहा है। इससे हाईटेंशन तार एलटी से सटने से लोगों के घरों में हाई वोल्टेज करेंट दौड़ा है। इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। बावजूद इसके, विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हो रहा है। विभाग की लापरवाही का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। जेई संतोष मौर्या ने बताया कि हाईटेंशन का तार एलटी से शायद सट गया होगा, जिससे घरों में हाई वोल्टेज करेंट दौड़ गया होगा। शीघ्र ही ढीले तारों को टाइट कराया जाएगा।