बिनौली (बागपत)। सिंचाई विभाग में सींचपाल पद पर नियुक्ति कराने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
रविंद्र कुमार पुत्र गरीब दास निवासी बिनौली ने सचिव लोक शिकायत अनुभाग गृह मंत्रालय लखनऊ को शिकायती पत्र भेजकर तीन लोगों पर नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी कर लाखों रुपयों की ठगी का आरोप लगाया था। सचिव लोक शिकायत विभाग ने एसपी बागपत को आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके आधार पर बिनौली थाने में धोखाधड़ी सहित कई धारा में मुकदमा दर्ज हुआ। नामजद आरोपी दो सगे भाइयों ललित और अंकित पुत्र सुशील निवासी कस्बा लोनी, जिला गाजियाबाद को बिनौली पुलिस ने रविवार को उनके घर से गिरफ्तार किया, जबकि तीसरा आरोपी पिता फरार हो गया। आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर थाने पहुंचे मेरठ के प्रमोद, राहुल, अश्वनी, नारंगपुर के मनोज, किनौनी के राहुल, खिवाई के राजेश, बिनौली के ताराचंद, बलबीर आदि ने मीडिया को फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर बताया कि आरोपी सिंचाई विभाग में सींचपाल पद पर नियुक्ति कराने के लिए एक बेरोजगार से तीन लाख रुपये लेते थे।