थाना क्षेत्र के ढोड़री सिंगारपुर के सिवान में रविवार को हाइटेंशन तार की चपेट में आने से एक बालिका की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस जब शव को कब्जे में लेना चाहा तो नाराज ग्रामीण उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़ गए। जानकारी होते ही घटना स्थल पर पहुंचे सैदपुर एसडीएम सत्यम मिश्र के आश्वासन पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। करीब एक घंटे तक चला धरना समाप्त हुआ और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी रुपनारायण राजभर की पुत्री खुशी राजभर (8) अपने खेत के तरफ जा रही थी। जैसे ही वह खेत में पहुंची हाइटेंशन तार की चपेट में आ गई और घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों की भी भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची ग्रामीण मुआवजे और बिजली के जर्जर तारों को ठीक कराने के साथ खेतों से हटाने की मांग पर अड़ गए। सैदपुर सीओ सर्वेश कुमार मिश्र और तहसीलदार मौके पर पहुंच गए। लेकिन ग्रामीण शव को कब्जे में नहीं लेने दिए और मांग पर अड़ गए। सीओ ने इसकी जानकारी सैदपुर एसडीएम सत्यम मिश्रा को दी। जानकारी होते ही एसडीएम मौके पर पहुंच गए और मुआवजे के रुप में आर्थिक मदद दिलाने के साथ जर्जर तारों को दुरुस्त कराने और हटवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद एसडीएम ने इसकी पूरी जानकारी डीएम के बालाजी को दी। एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में सीओ सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।