मुहम्मदाबाद। यूसुफपुर बाजार में सड़क के किनारे अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ शनिवार को उपजिलाधिकारी ने अभियान चलाया। इस दौरान कुछ पर जुर्माना ठोंका तो कुछ को चेतावनी देकर छोड़ा। अतिक्रमण हटाओ अभियान से पटरी पर कब्जा करने वाले दूकानदारों में हड़कंप मच गया।
उपजिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश यादव ने यूसुफपुर बाजार में अचानक पहुंचकर सड़क पर ठेला लगाने एवं पटरी पर सामान सजाकर अतिक्रमण करने वालों का सामान हटवाया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार आने पर सड़क की पटरी पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ जुर्माना के साथ-साथ सामान जब्त करने एवं एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। तहसील कार्यालय से निकलते ही तहसील तिराहे पर ठेला लगाकर सड़क जाम करने वाले दो दूकानदारों के खिलाफ एक-एक हजार रुपये जुर्माना वसूलने के बाद उपजिलाधिकारी हाटा रोड, फाटक, इलाहाबाद बैंक रोड, बिठठल चौराहा होते हुए पुन: तहसील कार्यालय पर वापस आए। अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी श्री यादव ने सड़क के किनारे मार्ग पर अतिक्रमण करने एवं ठेला लगाने वालों को चेतावनी दी कि अगली बार आने पर जो भी सड़क पर अतिक्रमण करते पाया जाएगा, उसके खिलाफ जुर्माना के साथ-साथ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। यूसुफपुर बाजार में सड़क के दोनों तरफ दूकानदारों द्वारा अपनी पूरी दूकान सड़क पर लगा देने से सड़क पर हमेशा जाम लगा रहता है। नवागत एसडीएम की इस कार्रवाई का जहां आम जनता ने स्वागत किया है। वहीं अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ था। अभियान के समय उपजिलाधिकारी के साथ तहसीलदार मोहनलाल गुप्ता, कोतवाल विमल कुमार मिश्रा आदि उपस्थित थे।