गाजीपुर। छात्र अधिकारों की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने गर्वजीत सिंह के नेृत्व में सरजू पांडेय पार्क में सोमवार को अधिकार रैली एवं धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया। इस मौके पर जिला सह संयोजक सत्यम राम ने कहा कि आजादी के 70 वर्षों बाद भी हमारी शिक्षा प्रणाली बिखरी पड़ी है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले में विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कालेजों में हजारों छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं, लेकिन वहां मूलभूत अधिकारों का अभाव है। विद्यालयों में कक्ष भवन, पंखा, बिजली एवं शौचालयों की व्यवस्था नहीं है। छात्र नेता गर्वजीत सिंह ने कहा कि समान्य वर्ग के गरीब पिछड़े छात्रों के विकास एवं उत्थान के लिए अल्पसंख्यक वर्ग कल्याण विभाग एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की तर्ज पर सामान्य वर्ग की कल्याण विभाग का गठन हो। नगर सहमंत्री नवीन कुमार सिंह ने कहा कि किराए की जमीन पर चल रहे केंद्रीय विद्यालय को भूमि उपलब्ध कराई जाए। नगर मंत्री अभिनंदन केशरी ने एबीवीपी के सभी कार्यकर्ताओं को धरना को सफल बनाने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार यदि हमारी मांगों को अनसुना करती है तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन को तेज करने को बाध्य होगा। धरना में अनुज राय, प्रदीप वर्मा, राजकुमार सिंह, पीजी कालेज के छात्रसंघ अध्यक्ष मनोज कुशवाहा, अश्विनी कुमार सिंह, सत्येंद्र राय, कामेश्वर सिंह, चंद्रशेखर, रजनीश मिश्रा, सुधांशु शेखर सिंह, उपेंद्र कुमार मौर्य, संदीप राय, नवीन सिंह, हिमायल जायसवाल आदि शामिल थे।