शेरपुर में गंगा कटान वाले मजरों में ठोकर निर्माण के लिए करीब 20 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। जल शक्ति मंत्रालय की ओर से बीते दिसंबर में ठोकर निर्माण संबंधी कार्य की स्वीकृति मिलने से लोग खुश हैं।
इस परियोजना के तहत शेरपुर सेमरा के सबासपुर मजरा में 10.27 करोड़ और शेरपुर कला में 10.58 करोड़ रुपये में गंगा कटान से बचाव संबंधी कार्य कराया जाना है। बाढ़ के दौरान कटान की समस्या बढ़ने के बाद ठोकर निर्माण संबंधी परियोजना के लिए उद्यमी संजय राय शेरपुरिया के नेतृत्व में लोगों ने जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद शेरपुरिया ने कटान संबंधी समस्या को लेकर जल शक्ति, बाढ़ नियंत्रक मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह को पत्र सौंपा था। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि शेरपुर की कटान निरोधक परियोजना को दिसंबर में स्वीकृति मिली है। वहां करीब 20 करोड़ का कार्य कराया जाएगा। चुनाव बाद आगे की प्रक्रिया होगी।