गाजीपुर। रंगभरी एकादशी के बाद भाईचारे और सौहार्द का पर्व होली को मनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। शहर, कस्बों तथा ग्रामीण बाजारों में सोमवार की देर शाम से चहल पहल बनी रही। लोग सपरिवार बाजारों में कपड़े, जूते-चप्पल, रंग, अबीर, पिचकारी, सजावट तथा किराना आदि की दुकानों पर खरीददारी करते रहे। बाजारों में भी तरह-तरह की वेरायटी और फैशन के सामानों का चयन करने में लोगों को काफी समय लग रहा था। शहर के माल तथा शो रूम में शाम के बाद ग्राहकों की जबरदस्त भीड़ बनी रही। नगर के सिंचाई विभाग चौराहा, महुआबाग, मिश्रबाजार, टाउनहाल, ददरीघाट समेत कई स्थानों पर देर शाम तक खरीददारी होती रही। इसी प्रकार मुहम्मदाबाद, जमानिया, सैदपुर, कासिमाबाद, दिलदारनगर, सेवराईं आदि क्षेत्रों में भी खरीददारी का दबाव बना रहा। व्यवसायियों की मानें तो अभी एक दो दिन बाजारों में इसी प्रकार की चहल-पहल बनी रहेेगी।
जिले भर के माल शाप, रेडिमेड तथा हर छोटे बड़े कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बनी रही। युवतियों के लेगीज, टाप, कुर्तादार समीज, चुन्नीदार दुपट्टा, कैपरी के साथ ही फैशनेबल कपड़ों की खूब मांग बनी रही। नए फैशनदार, कढ़ाई की साड़िय़ों की बिक्री होती रही। बच्चे तथा युवक भी तरह-तरह के शर्ट, टी-शर्ट तथा जींस पैंट और ट्राउजर की खरीददारी कर रहे हैं। इसके अलावा दर्जी की दुकानों पर भी सिलाई की लेन-देन की भीड़ बनी हुई है। खरीददारी के चलते दुकानदार काफी व्यस्त रहे। जेन्ट्स और लेडीज के लिए जूते-चप्पल की दुकानों पर भी ऊंची हील, लांगर, स्टिक आदि तमाम प्रकार की वेरायटियों की बिक्री हुई। इस मौके पर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। इसी क्रम में चश्मा, बेल्ट, बनावटी तथा रोल गोल्ड के डिजाइनदार गहनों की भी मांग बनी रही। युवतियों ने हल्के नाक, कान तथा सौंदर्य प्रसाधनों आदि की खरीद पर जोर दिखाया तो महिलाओं ने चूड़ी, बिंदी और साज सजावट की वस्तुओं को पसंद किया। मिश्र बाजार के नरेंद्र गुप्ता ने बताया कि इन दिनों हल्के तथा कम कीमत वाले चश्मे, बेल्ट और अन्य सामानों की अच्छी बिक्री हो रही है।