मुहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के जीयनदासपुर गांव के पास शुक्रवार की सुबह खराब सड़क पर बाइक सवार को बचाने में आलू लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। इस दुर्घटना में चालक को हल्की चोटें आईं। मार्ग पर आलू का बोरा गिरने से कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा।
मालूम हो कि सेमरा गांव निवासी विनोद राय अपने खेत से ट्रैक्टर-ट्राली पर आलू लाद कर भंडारण के लिए मुहम्मदाबाद स्थित शीतगृह में ले जा रहे थे। इसी दौरान में करीब 10 बजे जीयनदासपुर गांव के सामने शेरपुर-मुहम्मदाबाद मुख्य मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्राली के सामने अचानक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने में ट्रैक्टर-ट्राली सड़क के गड्ढे में चली गई, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में चालक हल्के रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद ट्राली पर से आलू की बोरियां हटा कर जेसीबी लगा कर ट्रैक्टर-ट्राली को उठाया। इससे मार्ग पर कुछ देर के लिए आवागमन में अवरोध बना रहा।