मुहम्मदाबाद। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के कार्यकर्ताओं की बैठक बुधवार को डाक बंगला के पास स्थित संगठन के कैंप कार्यालय पर हुई। इसमें लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। कांग्रेस की नेता पूर्व ग्राम प्रधान रीता सिंह को संगठन का जिलाध्यक्ष घोषित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई।
बैठक में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डा. जनक प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि प्रियंका गांधी को कांग्रेस का महामंत्री एवं पूर्वी उ.प्र. के 42 लोकसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दिए जाने से पूर्वी उ.प्र. के कार्यकर्ताओं में जोश भर गया है। पार्टी पूरी लगन से लोकसभा चुनाव में उतरेगी। पार्टी प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर समान विचारधारा के दलों के साथ समझौता कर प्रत्याशी उतारेगी। प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने से भाजपा सहित प्रदेश के सभी प्रमुख दलों में हड़कंप मचा है। कहा कि जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र के ढोढहा रामपुर निवासी पूर्व ग्राम प्रधान रीता सिंह को संगठन के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने से जिले में कांग्रेस पार्टी को विशेषकर महिलाओं में मजबूती मिलेगी। बैठक में झुन्नू शर्मा, ग्यासुददीन अंसारी, इरफान खान, प्रमोद कुशवाहा, सुमेर कुशवाहा, राजेंद्र प्रसाद गाजी, जैनेश पंकज आदि उपस्थित थे।