गाजीपुर। अध्यापक पात्रता परीक्षा-2018 का आयोजन रविवार को किया गया है। इसमें 32 हजार से अधिक अभ्यर्थी बैठेंगे। इसके लिए कुल 40 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दो पालियों में कराई जाने वाली परीक्षा के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक-एक पर्यवेक्षक के साथ ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। इसे सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के साथ ही जिला प्रशासन की तरफ से सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
अध्यापक पात्रता परीक्षा आज होने जा रही है। इसमें कुल 32 हजार 920 परीक्षार्थी बैठेंगे। इसमें 22 हजार 924 परीक्षार्थी प्राथमिक स्तर और नौ हजार 996 परीक्षार्थी जूनियर स्तर की परीक्षा में बैठेंगे। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली में सुबह 10 बजे से दिन में 12:30 बजे तक 40 और दूसरी पाली दिन में तीन बजे से साढ़े पांच बजे तक सोलह केंद्रों पर परीक्षा होगी। परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और एक-एक पर्यवेक्षक तैनात किया गया है। नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा का जायजा लेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक अनिल कुमार मिश्र ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने तथा उसे सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। केंद्र में किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह वर्जित है। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्र पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।
इन विद्यालयों को बनाया गया है परीक्षा केंद्र
गाजीपुर। अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए कुल 40 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें राजकीय सिटी इंटर कालेज, राजकीय महिला पीजी कालेज, स्वामी सहजानंद पीजी कालेज, पीजी कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज, लूदर्स कांवेंट बालिका इंटर कालेज, एमएएच इंटर कालेज, आदर्श इंटर कालेज, श्री शिवकुमार शास्त्री इंटर कालेज, डीएवी इंटर कालेज प्रमुख है। इंटर कालेज खालिसपुर, जवाहर नवोदय विद्यालय, एमजेआरपी पब्लिक स्कूल, शाहफैज पब्लिक स्कूल, तूलिका पब्लिक स्कूल, ग्लोरियस पब्लिक स्कूल, आदर्श बौद्ध इंटर कालेज, आदर्श शंकर इंटर कालेज, बैजनाथ इंटर कालेज, अभिनव सरस्वती इंटर कालेज, केदार इंटर कालेज, रामप्रसाद कुशवाहा इंटर कालेज, शशि मेमोरियल इंटर कालेज, माधव सरस्वती एवं अग्रसेन पब्लिक स्कूल आदि शामिल हैं।