सुहवल(गाजीपुर)। क्षेत्र के सोनवल गांव में रविवार को भीमराव अंबेडकर संघर्ष समिति सोनवल की ओर से परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद एवं क्रांतिकारी जगदेव कुशवाहा के सम्मान में बहुजन महासम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि बीएचयू के अंग्रेजी विभाग की प्रो. इंदू चौधरी ने कहा कि आज बाबा साहब की बदौलत ही समाज लगातार विकास कर रहा है। यदि वह नहीं होते तो मनुवादी ताकतें हमारे समाज को आगे नहीं बढ़ने देती। आज पूरा देश बाबा साहब का कर्जदार है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब निम्न वर्ग के परिवार से थे। उन्होंने अपने बचपन में मनुवादी ताकतों से बहुत संघर्ष किया और आगे चलकर अपने समाज को बड़ी ताकत दी। बाबा साहब ने हमारे देश को संविधान के रूप में अनमोल थाती दी है। इसकी रक्षा करना हम सबका कर्तव्य है। आगामी लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि हम सभी लोगों को एकजुट होकर अपने नेता को जिताना है, जिससे सामंतवादी ताकतें परास्त हो। समाजसेवी एवं पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी के पुत्र मन्नू अंसारी ने कहा कि हम गरीबों की लड़ाई लड़ते हैं। समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं, तोड़ने का नहीं। कहा कि आज समाज के हर वर्ग को जागरूक होना होगा इस मौके पर मदन यादव, सुरेंद्र राम, नौशाद खान, रामप्रवेश राम, असगर खान, भोलू अंसारी, दामोदर राय, राकेश यादव, रघुनाथ राम, बब्बन राम, इब्राहिम खां, सुधीर, अब्बास रिजवी, भोलाराम आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता सिकंदर खान एवं संचालन अजय गौतम ने किया। अंत में आयोजक गौतम कुमार राव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।