दिलदारनगर(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के दिलदारनगर-अमौरा मार्ग पर उसिया गांव के समीप रविवार को दिन में सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक पर सवार दो लोगों को टक्कर मार दिया। इसमें एक युवक और एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए दोनों को वाराणसी ले जाया गया जिसमें रास्ते में ही अधेड़ की मौत हो गई। इधर घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया तथा वाहन सहित उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
स्थानीय बाजार निवासी रामलखन चौहान (30) और जातुद्दीन (48) बाइक से किसी कार्य से अमौरा जा रहे थे। दिन में करीब साढ़े 11 बजे दिलदारनगर-अमौरा मार्ग पर उसिया गांव के समीप ही पहुंचे थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सीधा टक्कर मार दिया। इससे दोनों छिटक कर बाइक से गिर गए तथा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। लोगों ने दुर्घटना की जानकारी पुलिस तथा घायलों के परिजनों को दी। कुछ ही देर में घायलों के परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने चालक को वाहन सहित कब्जे में ले लिया। परिवार के लोग आनन-फानन में घायलों को दिलदारनगर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए, जहां गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर जा रहे थे कि इसी दौरान रास्ते में ताजुद्दीन की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही मृतक के घर कोहराम मच गया। इस संबंध में थाना पुलिस ने बताया कि चालक को वाहन सहित कब्जे में लिया गया है। मृतक के परिवार वालों ने तहरीर दिया तो इसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।