मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। कांग्रेस की ओर से पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के चलते बढ़ती महंगाई एवं राफेल डील में घोटाले के विरोध में 10 सितंबर को भारत बंद का आह्वान किया गया है। इसको सफल बनाने के लिए रविवार को बंदी की पूर्व संध्या पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पूर्वी उप्र डॉ. जनक कुशवाहा के नेतृत्व में मोटरसाइकिल जुलूस निकालकर बंदी के लिए जनजागरण किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुहम्म्दाबाद नगर के डाक बंगला रोड स्थित पार्टी के कैंप कार्यालय से मोटरसाइकिल जुलूस निकाला। शहीद पार्क गेट पर आकर नुक्कड़ सभाकर लोगों से भारत बंद के आह्वान को सफल बनाने की अपील की। नुक्कड़ सभा में डॉ. जनक कुशवाहा ने कहा कि केंद्र की सरकार ने राफेल सौदे की डील में भारी घोटाला कर देश को काफी क्षति पहुंचाई है। पेट्रोल-डीजल के दाम में प्रतिदिन हो रही बढ़ोतरी से देश में महंगाई सुरसा के मुंह की तरह बढ़ रही है। आम आदमी का जीवन कष्टकर होता जा रहा है। इस वर्ष के अंत में होने वाले चार राज्यों के विधानसभा चुनाव एवं आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना होगा। जन जागरूकता रैली में अब्दुल हमीद शाह गाजी, जैनेश पंकज, मदन सिंह, इरफान खां, ग्यासुद्दीन, दारा सिंह, राजेंद्र, डॉ. सुमेर कुशवाहा, कुबेर कुशवाहा, गुलबास यादव आदि शामिल रहे।