गाजीपुर। जिला कारागार में स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को टीबी, एचआईवी एड्स संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान कैदियों को विभिन्न प्रकार के रोगों की जानकारी देते हुए जागरूक किया गया। इस मौके पर जिला क्षय रोग अधिकारी डा. राजेश सिंह ने कहा कि एड्स की जानकारी ही बचाव है। इस रोग के प्रसार तथा लक्षण पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्होंने सुरक्षित रहन-सहन का तरीका बताया।
उन्होंने कहा कि एड्स एक गंभीर तथा लाइलाज बीमारी है जिसमें इलाज से किसी के जीवन को कुछ और लंबा तो किया जा सकता है लेकिन उसे बचा पाना कठिन है। इसी क्रम में टीबी रोग के बारे में भी बताया कि यह बैक्टीरिया के माध्यम से प्रसार करने वाला रोग है। इसे पूरी तरह से खत्म करने के लिए सजग जीवन यापन करना होगा। इसी क्रम में डा. धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रत्येक माह के दूसरे तथा चौथे शनिवार को जिला कारागार में कैंप लगाया जाता है। इस मौके पर मनीष कुमार, विजयशंकर तिवारी, राधेश्याम यादव, प्रदीप कुमार, मिथिलेश कुमार आदि मौजूद रहे।