दुल्लहपुर(गाजीपुर)। शहीद वीर अब्दुल हमीद के 53 वेें शहादत दिवस पर धामूपुर पार्क में होने वाले कार्यक्रमों की सुरक्षा और व्यवस्था का रविवार को जिलाधिकारी के बालाजी तथा पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह ने जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंच, रास्ता, लाइट, पानी की व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
आयोजक जमील अहमद ने बताया कि सोमवार को दिन में 11 बजे ब्रिगेडियर एचएस बंसल दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन पर वीर अब्दुल हमीद के शिलापट्ट तथा वीर चक्र विजेता केदार सिंह के शिलापट्ट पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद ब्रिगेडियर जलालाबाद शहीद चौक पर आएंगे और वहां वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में युवाओं के साथ दर्जनों बाइक का काफिला भी साथ रहेगा। धामूपुर पार्क में सेना के जवान गार्ड आफ आनर तथा सलामी देंगे। अतिथि गेस्ट रूम में थोड़ी देर ठहरने के बाद वह मंच पर जाएंगे। अन्य अतिथि सीधे पार्क पर पहुंचेंगे। जमील अहमद ने बताया कि थल सेनाध्यक्ष विपिन रावत ने एक बंद लिफाफा में संदेश भेजा है जिसे ब्रिगेडियर पढ़ ़कर सुनाएंगे।