गाजीपुर। बांग्लादेश में नरसंहार, माताओं-बहनों से हो रहे दुराचार और हिंदुओं की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने एवं चिन्मय कृष्णदास प्रभु के गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को हिंदुओं ने हुंकार भरी। हिंदू रक्षा समिति के बैनर तले सड़क पर उतरे 19 संगठनों के सदस्यों ने गांधी पार्क आमघाट से रैली निकाली, यह शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सरजू पांडेय पार्क में पहुंचकर सभा में बदली। साथ ही राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सदर एसडीएम प्रखर उत्तम को सौंपा।
वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश में शासन-प्रशासन हिंदू अल्पसंख्यकों को कोई सुरक्षा नहीं दे रहा। व्यापारिक, सामाजिक, धार्मिक संगठनों ने बांग्लादेश में हिंदुओं के प्रति अत्याचार के विरुद्ध जनाक्रोश मार्च किया। साथ ही सरकार से विश्व के हिंदू समुदाय की सहायता व सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। दोपहर 12 बजे आमघाट पार्क से निकली रैली कोतवाली, मिश्रबाजार, महुआबाग कचहरी होते हुए सरजू पांडेय पार्क में सभा में तब्दील हुई। वहां विभाग संचालक सच्चिदानंद व बड़े महाराज व गुरुग्रन्थी जगपाल ने स्वतंत्रता सेनानी सरजू पांडेय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान राष्ट्रीय सेविका समिति विभाग संचालिका नीलम सिंह, विहिप के दिनेश चंद्र पांडेय, आर्यसमाज से आदित्य, प्रजापिता ब्रह्मकुमारी बीके स्मृति दीदी ने विचार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिप अध्यक्ष सपना सिंह, नप अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, राष्ट्रीय सेविका समिति के जिला संचालिका नीलम चौबे, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा भाजपा साधना राय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, भाजपा नेता अभिनव सिन्हा, रामलीला कमेटी के ओमप्रकाश तिवारी, डीजीसी कृपाशंकर राय, पूर्व भाजपा अध्यक्ष बृजेंद्र राय, शशिकांत शर्मा आदि मौजूद रहे। संचालन पूर्व संघचालक अशोक ने किया।
00000
इन संगठनों की रही सहभागिता
प्रजापति ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विवि, गायत्री शक्तिपीठ, आर्य समाज, हंसयोग आश्रम, शिवगुरु धाम, अति प्राचीन रामलीला कमेटी, मानस समिति हनुमान मंदिर, जिला उद्योग व्यापार मंडल, नवयुवक दुर्गा पूजा समिति, दुर्गा पूजा समिति, बाल दुर्गा पूजा समिति, अधिवक्ता परिषद, भारत विकास परिषद, भारतीय किसान संघ, भारतीय मजदूर संघ, विहिप, एबीवीपी, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, स्वदेशी जागरण मंच, बजरंग दल आदि संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे।