एमआरडी पब्लिक स्कूल सेवठा सिगेंरा से सीटीईटी की परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद
गाजीपुर। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा शनिवार को सकुशल संपन्न हो गई। दो पाली में हुई इस परीक्षा में 1844 परीक्षार्थी अनुपस्थित थे। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थी। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) शनिवार को आयोजित की गई थी। इसमें 20 हजार 848 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनके लिए 32 केंद्र बनाए गए थे। शहर के साथ ही विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए केंद्रों पर परीक्षार्थियों के निर्धारित समय से काफी पहले ही पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। निश्चित समय पर केंद्रों में सघन जांच के बाद उन्हें प्रवेश दिया गया।
पहली पाली में 32 केंद्रों पर पंजीकृत 12923 में 11755 उपस्थित थे जबकि 1168 ने परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह दूसरी पाली में 20 केंद्रों पर 7925 को बैठना था लेकिन 7249 ने ही परीक्षा दी, शेष 676 अनुपस्थित थे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ऑनलाइन निगरानी की गई। स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। मरदह स्थित केंद्र पर परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। केंद्रों पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई थी। परीक्षा के नोडल अधिकारी एस कुशवाहा ने बताया कि सीटीईटी की परीक्षा जिले में दो पाली में सकुशल हुई।