गाजीपुर। विद्युत उपभोक्ता व्यथा निवारण फोरम वाराणसी मंडल के तत्वावधान में अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय के कार्यालय में सोमवार को न्याय उपभोक्ता के द्वार जन अदालत शिविर का आयोजन किया गया। इसमें कुल 24 वादों का निस्तारण किया गया।
न्याय उपभोक्ता के द्वार जन अदालत शिविर में विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 30 वाद प्रस्तुत किए गए। सेवानिवृत जिला जज एवं उपभोक्ता फोरम के चेयरमैन श्याम बिहारी राय, बीआर सिन्हा तकनीकी सदस्य एवं सचिव और अधिशासी अभियंता (वाणिज्य) अनिल कुमार गुप्ता ने उपभोक्ताओं की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए 24 वादों का त्वरित निस्तारण किया। चेयरमैन ने अधिकारियों को हर माह की 24 तारीख को जिले में विभिन्न खंडों में उपभोक्ता फोरम अदालत लगवाने का निर्देश दिया। इस मौके पर अधिशासी अभियंता एसके सिंह, नगर एसडीओ शिवम राय, मुहम्मदाबाद एसडीओ रविंद्र कुमार, प्रकाशनगर विद्युत उपकेंद्र के जेई अविनाश कुमार, रौजा जेई जितेंद्र कुमार, पैरवीकार अरविंद कुमार श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।