जमानियां (गाजीपुर)। घटतौली करने वालों की खैर नहीं है। आए दिन मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बांट-माप विभाग की ओर से ऐसे दूकानदारों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया गया है। मंगलवार को बांट-माप विभाग के जिला प्रभारी के निर्देशन में चले अभिायन में 29 प्रतिष्ठानों में विभिन्न खामियां पाई गई।
विभाग की टीम ने आज दिन में गाजीपुर, जमानिया एवं यूसुफपुर मुहम्मदाबाद आदि क्षेत्रों में कई स्थानों पर बांट-माप विभाग के जिला प्रभारी विनीत पांडेय के दिशा-निर्देशन में गहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बांट-माप सत्यापित न होने, सत्यापन प्रमाणपत्र प्रदर्शित न होने तथा एमआरपी से अधिक मूल्य लेने की आदि की जमानिया में आठ शिकायतें पाई गई। वहीं एक मामला घटतौली का मिला है। मुहम्मदाबाद यूसुफपुर में इन्हीं खामियों के 13 मामले प्रकाश में आए जिसमें एक घटतौली का है। इसी तरह की कमियों के गाजीपुर में आठ मामले प्रकाश में आए। इस संबंध में बांट-माप विभाग के जिलाप्रभारी विनीत पांडेय ने बताया कि पकड़े गए मामलों में सभी प्रतिष्ठानों को नोटिस भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन प्रतिष्ठानों के बांट ठीक नहीं है अथवा असत्यापित है, वह सत्यापित करवा लें। अन्यथा पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर निरीक्षक तेजप्रताप सिंह, बांट-माप निरीक्षक कन्हैया सिंह आदि मौजूद थे।