जमानिया। स्थानीय हिंदू पीजी कालेज के छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन का कार्य शुरू हुआ। पहले दिन विभिन्न पदों के लिए कुल नौ प्रत्याशियों की ओर से पर्चा दाखिल किया गया। नामांकन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। मंगलवार को सुबह से ही छात्र गुटों के बीच जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन करने का कार्य पूरे दिन जारी रहा। नामांकन समाप्त होने के बाद उम्मीदवार अपनी-अपनी टोली के साथ मतदाताओं से संपर्क साधने में जुट गए।
हिंदू पीजी कालेज के चुनाव अधिकारी डा. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए अभिषेक यादव, धर्मेंद्र, राहुल सिंह यादव तथा उपाध्यक्ष पद के लिए गौतमबुद्ध, रामप्रवेश यादव ने नामांकन किया। महामंत्रीपद के लिए कमलेश कुमार, प्रमोद सिंह यादव, पुस्तकालय मंत्री के लिए हरिशंकर सिंह कुशवाहा तथा कला संकाय प्रतिनिधि पद के मनोज कुमार यादव ने पर्चा दाखिल किया। बताया कि विज्ञान संकाय के लिए पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया। नामांकन के दौरान पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। महाविद्यालय तथा उसके आस-पास छात्र-छात्राओं का जमावड़ा नहीं लगने दिया। मालूम हो कि वर्ष 2015 में हुए चुनाव के दौरान दो छात्र गुटों में जमकर पथराव हुआ था। इस दौरान पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए पुलिस प्रशासन चौकस है। उधर पर्चा दाखिले के साथ ही प्रत्याशियों में छात्र मतदाताओं को रिझाने की होड़ लग गई है।