ताजपुरडेहमा (गाजीपुर)। करीमुद्दीनपुर थाने के ताजपुर गांव निवासी एक महिला से गुरुवार को एक बंजारा दंपती ने भूत-प्रेत बता अंगूठी और मंगलसूत्र गायब कर दिया। इस बात की जानकारी पर आसपास के लोगों ने ताजपुरडेहमा रेलवे स्टेशन के पास से दोनों को पकड़ लिया।
करीमुद्दीनपुर थाने के ताजपुर गांव निवासी सुनीता पत्नी परमात्मा गुप्ता घर में अकेली थी। उसके पास झारखंड निवासी बंजारा परिवार लगन झा और रतिया देवी पहुंचे। दोनों ने सुनीता को समझा-बुझाकर झांसे में ले लिया। महिला से घर में भूत-प्रेत की छाया और परिवार में अनिष्ट होने की बात बताई। कहा कि 24 घंटे के अंदर दो लोगों की मौत हो सकती है। इसे दूर करने के लिए मंत्र सिद्धी कराना होगा। मंत्र सिद्धी के लिए पानी के बर्तन में कम से कम दो गहने डालकर उसका मुंह हाथ से बंदकर जय शिव-जय शिव बोलते हुए आंखें बंद कर लो। मौत के भय से महिला ने वैसा ही किया।
कुछ देर बाद पानी बदलने के नाम पर बर्तन के पानी से अंगूठी और मंगलसूत्र लेकर दोनों चंपत हो गए। जबकि महिला काफी देर तक आंखें बंद कर जय शिव-जय शिव करती रही। काफी देर बाद किसी के होने की आहट न पाकर सुनीता आंखें खोली और बर्तन को खोल कर देखा तो गहने गायब थे। उसने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने पहले सुनीता को खरी-खोटी सुनाई, फिर टोली बना चार की संख्या में बाइक पर सवार हो तलाश करते हुए रेलवे स्टेशन ताजपुरडेहमा के पास से पति-पत्नी को पकड़ लिया। उनके पास से अंगूठी और मंगलसूत्र लोगों ने बरामद किया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले आई और दोनों से पूछताछ की। दोनों ने अपना नाम लगन झा (38) और रतिया (35) बताया। कहा कि हम लोग जड़ी-बूटी और तेल बेचने का काम करते हैं। थानाध्यक्ष केपी सिंह ने बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
....