मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार को यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पर हो रहे निर्माण कार्यों में गड़बड़ी के खिलाफ एवं प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर जुलूस निकाल कर यूसुफपुर स्टेशन तक गए। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी को संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक को दिया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ता नवापुरा मोड़ से जुलूस निकाल कर नारेबाजी करते हुए यूसुफपुर स्टेशन तक गए। यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पर कराये जा रहे निर्माण कार्य में मानक की अनदेखी कर सरकारी धन का बंदर बाट करने के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी को संबोधित पांच सूत्री मांगपत्र स्टेशन अधीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा को सौंपा। इस अवसर पर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डा. जनक प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पूर्वांचल के बड़े स्टेशनों में से एक है। करोड़ों रुपये का सालाना आय देने के बावजूद इस स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का अभाव है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य आनंद राय सांकृत ने कहा कि जहां एक तरफ रेलवे के विस्तार का केंद्र सरकार के मंत्रियों की ओर से ढिंढोरा पीटा जा रहा है। वहीं राजनीतिक कारणों से यूसुफपुर स्टेशन की उपेक्षा की जा रही है। श्री सांकृत ने यूसुफपुर स्टेशन पर गोदिया एवं हरिहरनाथ एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सौंपे गए मांग पत्र में यूसुफपुर स्टेशन के सुंदरीकरण, भवन निर्माण एवं प्लेटफार्म निर्माण में की गई धांधली की जांच कराने, आरक्षण काउंटर को दलालों से मुक्त कराने, प्लेटफार्म पर रात में प्रकाश की व्यवस्था करने, स्टेशन पर सक्रिय अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने आदि मांग शामिल है। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मिर्जा अशफाक बेग, ब्लॉक अध्यक्ष गिरिजा दत्त दुबे, बंशीधर तिवारी, बद्रीनारायण पांडेय, जयप्रकाश यादव, लल्लन तिवारी, जहांगीर खां, अब्दुल हमीद शाह गाजी, इरफान खां, जैनेश पंकज, साबिर, इकबाल, परवेज, बब्लू कुमार, धर्मेंद्र यादव, पिंटू यादव आदि उपस्थित थे।