जखनिया। भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के शाहापुर गांव में एक युवक की बाइक से ससुराल जाते समय गुरुवार की सुबह आजमगढ़ जनपद के जमीरपुर भगवानपुर गांव के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जबकि उसका साला गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना आते ही मृतक के घर कोहराम मच गया।
शाहपुर गांव निवासी शिवलाल यादव (35) का आजमगढ़ जिले के तरवां थाने के लप्सीपुर में ससुराल है। गुरुवार की सुबह बाइक से अपने साला गोलू (26) के साथ ससुराल जा रहा था। इसी दौरान दिन में करीब 10 बजे आजमगढ़ जिले के जमीरपुर भगवानपुर गांव के पास शारदा सहायक खंड के नहर मार्ग पर सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में शिवलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साला गोलू गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरवां भेजा गया। सूचना आते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग चीख-पुकार करने लगे। लोगों की रोने की आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच और बिलख रहे लोगों को सांत्वना देने में जुट गए। मृतक शिवलाल यादव तीन भाइयों में सबसे बड़ा था, जो वाराणसी में रह कर मिठाई की दुकान पर कारीगरी करता था। उसके दो लड़के हिमांशु (05) और विद्यानसू (03) हैं। मृतक की पत्नी कुछ ही दिन पहले अपने मायका गई थी, जिससे मिलने के लिए वह अपने साले के साथ बाइक से जा रहा था और रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गया। घटना से जहां परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं ग्रामीण शोक में डूब गए हैं।