गाजीपुर। किसान दिवस की बैठक का आयोजन शनिवार को विकास भवन के सभागार में किया गया। इस अवसर पर किसानों ने सिंचाई, सोलर पंप, फसल बीमा, उद्यान, पशुपालन, भूमि संरक्षण, सहकारिता विभाग, किसान क्रेडिट कार्ड, विद्युत, नलकूप, आयुर्वेदिक औषधि, सौभाग्य योजना एवं क्रय केंद्रों पर आने वाली समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
बैठक में किसानों द्वारा देवकली पंप कैनाल की कुछ माइनरों में पानी न पहुंचने, ट्यूबवेल न चलने एवं लो-वोल्टेज, विद्युत की समस्या बताई गई। इस पर जिलाधिकारी के बालाजी ने उसे ठीक कराने का निर्देश दिया। पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि जिले में 15 सितंबर तक पशुओं का टीकाकरण किया जाना है। गांव-गांव में जाकर हर एक पशुओं को टीका लगाया जाएगा। जहां-जहां कर्मचारियों की कमी के कारण टीकाकरण नहीं हुआ वहां जल्द ही टीकाकरण का कार्य किया जाएगा। उपनिदेशक कृषि यूपी सिंह ने कहा कि किसानों का फसल बीमा होना अनिवार्य है। इसके लिए चिह्नित एरिया एवं फसल होना चाहिए जिसका बीमा कराकर दैवीय आपदा में नष्ट हुए फ
सल का मुआवजा प्राप्त किया जा सकता है। किसान नेता बाबूलाल मानव ने जिलाधिकारी को धान की फसल के लिए पानी की समस्या को ज्यादा बताया। जिलाधिकारी ने किसानों के शिकायत पत्रों को संज्ञान में लेते हुए उपस्थित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के तौर पर लेते हुए उसका निस्तारण कराएं। नहरों में टेल तक पानी पहुंचाया जाए। जहां-जहां ट्रांसफार्मर, यांत्रिक दोषों की वजह से नलकूप बंद पड़े हैं उसे तत्काल चालू कराया जाए।
जिले में ऐसा कोई भी गांव शेष न रहे जहां पशुओं का टीकाकरण न हुआ हो। बैठक के अंत में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया, जिला विकास अधिकारी मिश्रीलाल, जिला कृषि अधिकारी मृत्युंजय कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।