गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के तीसरे दिन शनिवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 1706 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
पहली पाली में हाईस्कूल गृहविज्ञान की परीक्षा आयोजित थी। इसमें 15172 पंजीकृत थे। इनमें 13554 ने परीक्षा दी जबकि 1618 उपस्थित नहीं हुए। इसी पाली में इंटर के छात्रों की उर्दू, कन्नड़, सिंधी एवं तेलगू की परीक्षा में पंजीकृत 563 में 67 अनुपस्थित तथा 496 ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में इंटर लेखाशास्त्र (नया पाठ्यक्रम), बही खाता तथा लेखाशास्त्र (पुराना पाठ्यक्रम) में कुल 311 में 290 ने परीक्षा दी जबकि 21 ने परीक्षा छोड़ दी। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ओमप्रकाश राय ने आज विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा सुचारू ढंग से संपन्न होते पाई।
जिले में कुल 28 हजार 77 परीक्षार्थी परीक्षा छोड़ चुके हैं। इसमें हाईस्कूल की परीक्षा छोड़ने वाले परीक्षार्थियों की संख्या सबसे अधिक 15 हजार 192 है जबकि इंटर की परीक्षा छोड़ने वाले परीक्षार्थियों की संख्या 12 हजार 885 है। हाईस्कूल गृह विज्ञान की परीक्षा में शनिवार को सुबह की पाली में 1618 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसके बाद अब तक संगीत गायन, संगीत वादन, गृह विज्ञान, कृषि सस्य विज्ञान, नृत्य कला, अरबी, फारसी, गुजराती, पंजाबी सहित अन्य भाषाओं और लेखाशास्त्र की परीक्षा संपन्न हुई है। संवाद
संस्कृत विद्यालयों की परीक्षा में 40 फीसदी गैरहाजिर
गाजीपुर/औड़िहार। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद लखनऊ की तरफ से संचालित प्रथमा से उत्तर मध्यमा स्तर की परीक्षा शनिवार को दोनों पालियों में सुचारू रूप से आरंभ हुई। परीक्षा के पहले दिन कढ़ाई के चलते जिले में कुल 1004 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 430 ने परीक्षा छोड़ दी। जबकि 574 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।