गाजीपुर। जिले में संचालित प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा तमाम खामियों के बीच सोमवार से शुरू हुई। इस परीक्षा में प्राथमिक के ढाई लाख से अधिक तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय की परीक्षा में लगभग पैंसठ हजार बच्चे शामिल हो रहे हैं।
परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू हुई और 11:30 बजे संपन्न हुई। जबकि द्वितीय पाली की परीक्षा 12:30 बजे शुरू होकर अपराह्न 2:30 बजे खत्म हुई। परीक्षा शुरू होने में कई विद्यालयों पर कुछ विलंब भी हुआ। तमाम विद्यालय ऐसे भी निरीक्षण टीम को देखने को मिले जहां बच्चों को दूर-दूर तक बैठाया गया था। कुछ जमीन पर बैठकर परीक्षा देने के लिए मजबूर थे। प्राथमिक स्तर पर पहले दिन प्रथम पाली में हिंदी और द्वितीय पाली में संस्कृत की परीक्षा संपन्न हुई। इस स्तर पर मंगलवार को गणित और हमारा परिवेश की परीक्षा होगी। उच्च प्राथमिक स्तर पर हिंदी और सामाजिक विषय की परीक्षा हुई। मंगलवार को सुबह गणित और द्वितीय पाली में खेल एवं स्वास्थ्य की परीक्षा होगी। परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए बीआरसी समन्वयकों एवं सह समन्वयकों की निरीक्षण टीमें बनाई गई थी। इसके अलावा जिला बेसिक शिक्षाधिकारी और डायट के प्राचार्य द्वारा गठित जिला स्तरीय टीम द्वारा कई विद्यालयों पर चल रही परीक्षा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण टीमों ने कमियां मिलने पर प्रधानाध्यापक से नाराजगी जताई। साथ ही आगे खामियां दूर न होने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी।