गाजीपुर। जिले के विभिन्न थाना परिसरों में शांति समिति की बैठक का आयोजन रविवार को किया गया। इस अवसर पर होली पर्व प्रेम और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई।
जमानिया संवाददाता के अनुसार बैठक में उपजिलाधिकारी रमेश मौर्य ने कहा कि होली का पर्व आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। आदर्श आचार संहिता का पूरा ख्याल रखें। तहसीलदार आलोक कुमार ने कहा कि होली में शराब का सेवन न करें। सीओ कुलभूषण ओझा ने कहा कि माहौल को न बिगड़ने दें और पुलिस का सहयोग करें। बहरियाबाद संवाददाता के अनुसार थाना परिसर में बैठक की अध्यक्षता करते हुए नायब तहसीलदार जखनिया विशाल कुमार शर्मा ने कहा कि त्यौहार को पूरे उत्साह के साथ परंपरागत ढंग से मनाएं। होलिका दहन को लेकर गहनी गांव में होलिका दहन के स्थान पर मकान बनने का मामला प्रकाश में आया। इस पर नायब तहसीलदार ने ग्राम प्रधान से कहा कि फिलहाल कहीं अन्य गांव सभा की जमीन पर जलाया जाए। त्योहार के बाद आगे की कार्रवाई के लिए लिखित सूचना दें। बारा संवाददाता के अनुसार गहमर थाना परिसर में शांति कमेटी की बैठक हुई। प्रभारी ने कहा कि होली पर्व सौहार्द के साथ मनाएं। बहादुरगंज संवाददाता के अनुसार शाम को स्थानीय पुलिस चौकी परिसर में शांति समिति की बैठक में लोगों ने बिजली, पानी एवं सम्मत के रास्ते तथा होलिका दहन के स्थान की सफाई के संबंध में अधिकारियों को अवगत कराया। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी कासिमाबाद मंशाराम वर्मा ने की।