गाजीपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों द्वारा किए गए बारूदी सुरंग विस्फोट में शहीद हुए छत्तीसगढ़ के 16वीं बटालियन के जवान अर्जुन राजभर का पार्थिव शरीर सोमवार को शाम सात बजकर 40 मिनट पर उनके पैतृक गांव बरईपारा पहुंचा। शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान हर आंख में आंसू थे, तो दिल में नक्सलियों के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा था। देर रात शहीद की अंतिम यात्रा घर से निकाली गई, अर्जुन का अंतिम संस्कार गाजीपुर स्थित श्मशान घाट पर किया गया।
शादियाबाद थाना क्षेत्र के बरईपारा गांव निवासी अर्जुन राजभर छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंग फटने से रविवार को शहीद हो गए थे। सोमवार को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल कंपनी कमांडर बृजेश तिवारी की अगुवाई में सायंकाल शहीद का शव उनके घर बरईपारा पहुंचा। शहीद हुए अर्जुन राजभर (35) का शव गांव पहुंचते ही लोगों की आंखें नम हो गईं। हर कोई शहीद अर्जुन को एक झलक देख लेने को उतावला था। लोगों की आंखें नम थीं, तो जुबां पर बस अर्जुन की चर्चा थी। ग्रामीण ‘जबतक सूरज चांद रहेगा, अर्जुन तेरा नाम रहेगा’, ‘अर्जुन अमर रहे...’ के नारे लगा रहे थे। काबीना मंत्री ओमप्रकाश राजभर, राज्यमंत्री अनिल राजभर, विधायक त्रिवेणी राम, भाजपा जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह, जंगीपुर विधायक विरेंद्र यादव, पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, ब्लाक प्रमुख योगेंद्र सिंह के साथ ही डीएम के बाला जी और एसपी सोमेन वर्मा, एसपी ग्रामीण चंद्रप्रकाश शुक्ला, एसडीएम विजय शंकर तिवारी, सीओ समेत सभी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने शहीद जावन के शव पर पुष्प चक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। छत्तीसगढ़ से शव आते ही ग्रामीण शव को कंधे पर लेकर नारे लगाते हुए घर पहुंचे। इस दौरान कदम-कदम पर पुष्प वर्षा की गई। शव के साथ आए छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल कंपनी कमांडर बृजेश तिवारी ने कहा कि बारूदी सुरंग विस्फोट होने के कारण अर्जुन की मौत हो गई। इस हादसे में कुल सात जवानों की मौत हुई थी। देर रात शहीद की अंतिम यात्रा गांव से निकली। शहीद का अंतिम संस्कार गाजीपुर श्मशान घाट पर किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी शहीद के घर सुबह से ही डटे रहे। इस मौके पर राज्यमंत्री अनिल राजभर, जिलाधिकारी के बालाजी तथा पुलिस कप्तान सोमेन वर्मा ने संयुक्त रूप से शहीद की पत्नी सुनीता देवी को 20 लाख का चेक तथा शहीद के पिता बलिराम राजभर को पांच लाख का चेक प्रदान किया।