सैदपुर/खानपुर(गाजीपुर)। सैदपुर तहसील क्षेत्र के मलिकपुर गांव में मंगलवार की शाम प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन का कार्यक्रम रद्द हो गया। उनके जिले में आगमन का कार्यक्रम रद्द होने के बाबत जिलाधिकारी के बालाजी ने जानकारी दी। बताया कि आज मुख्यमंत्री का गाजीपुर आने का कार्यक्रम निरस्त हो गया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि खराब मौसम की वजह से मुख्यमंत्री का गाजीपुर आगमन टल गया।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम हेलीकॉप्टर से सैदपुर स्थित टाउन नेशनर इंटर कालेज आने वाले थे। वहां से वह पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र के अग्रज भाई के निधन पर शोक संवेदना प्रकट करने मलिकपुर जाने वाले थे। उनके आगमन को लेकर लगभग सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। यहां तक कि मुख्यमंत्री सिक्योरिटी के गार्ड भी सैदपुर पहुंच गए थे लेकिन अचानक सीएम का गाजीपुर आगमन का कार्यक्रम रद्द हो गया। एमएलसी चंचल सिंह ने बताया कि मौसम खराब होने की वजह से मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रद्द हो गया है लेकिन मुख्यमंत्री बुधवार को मौसम साफ होने पर आ सकते हैं। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री रामतेज पांडेय, वरिष्ठ नेता प्रो. शोभनाथ यादव, प्रमु्ख समाजसेवी शिवशंकर सिंह, ओमप्रकाश पांडेय, ओमप्रकाश सिंह, कमलेश सिंह, यशवंत सिंह, अखिलेश सिंह, परमानंद मिश्रा आदि उपस्थित थे।