गाजीपुर। गंगा प्रदूषण अभियान से जागरूक होकर रक्षक परिवार के संगठन से जुड़े सदस्यों ने शनिवार को नगर के गोलाघाट सफाई अभियान चलाया। इस दौरान घाट पर इधर-उधर फैले गंदगी की साफ-सफाई की। लोगों को गंगा को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक करते हुए कूड़ा-कचरा न फेंकने का अनुरोध किया।
संगठन के करीब 12 सदस्य सुबह करीब 11 बजे नगर के गोलाघाट पर पहुंचे और मां गंगा का जयघोष करते हुए साफ-सफाई में जुट गए। इधर-उधर पड़े छोटे-बड़े पॉलिथीन की थैलियों, फूल-माला, अगरबत्ती, कपड़ा आदि कूड़ा-कचरा को एक जगह एकत्रित किया। इसके बाद उसे उठाकर दूर ले जाकर फेंका। इस अवसर पर संयोजक विद्यानिवास पांडेय ने कहा कि यदि वर्तमान की स्थिति नहीं सुधरी और आम जन स्वच्छता के प्रति जागरूक नहीं हुए तो आने वाली हमारी पीढ़ियों को इतिहास में ही गंगा के बारे में पढ़ना पड़ेगा, गंगा एक कहानी बन के रह जाएगी। कहा कि कहा कि हमारी लापरवाही की वजह से पतित पावनी का स्वरूप तेजी से बदलता जा रहा है। अगर हम लोग जागरूक हो जाएं तो मां गंगा को स्वच्छ बनाया जा सकता है। गंगा को स्वच्छ रखने के लिए हम लोगों को यह संकल्प लेना होगा कि हम लोग घाट पर गंदगी न फैलाएं। घाट पर मौजूद लोगों को गंगा को स्वच्छ रखने का संकल्प दिलाया। साफ-सफाई करने वालों में संयोजक विद्यानिवास पांडेय, अमित सैनी, मो. आबिद, संदीप शर्मा, सुयश श्रीवास्तव, सौरभ कांस्यकार, शुभम आर्या, प्रतीक लाल, सत्यम चौहान, विशाल वर्मा, अविनाश मल्होत्रा आदि शामिल थे।