जिला क्षयरोग विभाग में चिकित्सक और कर्मचारियों की लापरवाही की शिकायतें काफी दिनों से मिल रही थी कि अधिकतर अधिकारी और कर्मचारी समय से ड्यूटी पर नहीं आते हैं और बिना बताए गायब रहते हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जीसी मौर्य ने बुुधवार को क्षयरोग विभाग का औचक निरीक्षण किया। इसमें नौ कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने इनका एक दिन का वेतन काटने तथा तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।
जिला अस्पताल परिसर में स्थित क्षयरोग विभाग का बुधवार को सीएमओ डा. जीसी मौर्या ने बारी-बारी से दो बार निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण में वरिष्ठ लिपिक आरएन पांडेय के साथ ही संजय कुमार राय, नरेंद्र कुमार राय, एसपी यादव, राधेश्याम यादव, सर्वजीत यादव, सीमा देवी, अलोक कुमार राय तथा राम प्रवेश यादव अनुपस्थित मिले। एक साथ नौ कर्मचारियों के अनुपस्थित रहने से सीएमओ ने सख्त हिदायत दी। कहा कि दोबारा कभी ऐसा न हो। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटते हुए तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। सीएमओ के कड़े तेवर को देख अन्य स्वास्थ्य कर्मियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। सीएमओ ने बताया कि केवल जिला क्षयरोग विशेषज्ञ डा. राजेश कुमार सिंह ही ड्यूटी पर उपस्थित मिले, जबकि अन्य कर्मचारी समय से ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। निकट भविष्य में ऐसी लापरवाही के लिए कठोर कार्रवाई की जाएगी।