कासिमाबाद(गाजीपुर)। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी श्रवण कुमार गुप्त ने सोमवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय में वार्षिक परीक्षा के पहले दिन बच्चों की उपस्थिति शत-प्रतिशत देखकर वह बहुत प्रभावित हुए। इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर चौराहा पर स्मार्ट क्लास का उन्होंने निरीक्षण किया। विद्यालय के ऊपर बनी डाक्यूमेंट्री फिल्म देखी। विद्यालय की व्यवस्था से वह काफी प्रभावित दिखे।
बीएसए ने विद्यालय में लगे प्रोजेक्टर एवं स्मार्ट क्लास का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि शीघ्र ही बच्चों को प्रोजेक्टर के माध्यम से विषय वस्तु का ज्ञान प्रारंभ करा दें। इससे बच्चों की प्रतिभा का बहुमुखी विकास होगा। खंड शिक्षाधिकारी कासिमाबाद अशोक कुमार, समन्वयक अरुण कुमार, अभय नारायण मिश्र, शशिकांत राय प्रमुख रूप से उपस्थित थे। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक श्रीकांत वर्मा, शमशेर अहमद, मोतीचंद यादव और चंद्रशेखर के कार्यों की सराहना जिला बेसिक शिक्षाधिकारी एवं खंड शिक्षाधिकारी अशोक कुमार ने करते हुए अन्य शिक्षकों को भी ऐसे ही विद्यालय का सृजन करने का निर्देश दिया।