सुहवल(गाजीपुर)। दिलदारनगर-ताड़ीघाट मार्ग पर सोनवल क्रासिंग के पास ट्रेन की पटरी शनिवार को चटक गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना उसी दिन संबंधित रेल अधिकारियों को दे दी लेकिन अधिकारी लापरवाह बने रहे। दो दिनों तक सवारी गाड़ी इसी चटकी पटरी से गुजरती रही। बाद में रविवार की सुबह इसे दुरुस्त किया गया।
शनिवार को ग्रामीणों ने सोनवल स्थित क्रासिंग एवं हाल्ट के मध्य चटकी हुई रेलवे की पटरी को देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना संबंधित विभाग को दे दी लेकिन इसको लेकर कोई कवायद नहीं की गई। रविवार की सुबह जब ग्रामीणों ने उस चटकी हुई पटरी को फिर देखा तो आक्रोशित हो गए। लोगों ने रेलवे के उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी। पटरी चटकने की सूचना कंट्रोल रूम को हुई तो अफरातफरी मच गई। इस रेलखंड पर एकमात्र दिलदारनगर-ताड़ीघाट सवारी गाड़ी चलती है। आनन-फानन में विभाग के लोग सुबह सात बजे मौके पर पहुंच गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चटकी रेल पटरी को दुरुस्त किया गया। लोगों ने बताया कि पिछले दो दिनों से यह पटरी चटकी थी जबकि इसे लेकर संबंधित विभाग को सूचना दी जा चुकी थी। बावजूद विभाग की ओर से लापरवाही की गई। पीडब्ल्यूआई अखिलेश प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही चटकी रेल पटरी को दुरुस्त करा दिया गया। ट्रेन के परिचालन पर किसी तरह की बाधा नहीं आई है। बताया कि जाड़े में रेल पटरी के चटकने की घटनाएं होती हैं। कर्मचारियों को ट्रैक की निगरानी के लिए निर्देशित किया गया है।