जमानिया(गाजीपुर)। करंडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. इमाम हुसैन के साथ मारपीट की घटना से नाराज चिकित्सक सहित कर्मचारियों ने शनिवार को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बांह पर काली पट्टी बांध कर विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर केंद्र के प्रभारी डॉ. अनिल कुमार रत्नेश ने कहा कि चिकित्सक के साथ अभद्रता करने वाले लोगों की गिरफ्तारी जब तक नहीं कि जाती है तब तक बांह में काली पट्टी बांध कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। चिकित्सक अपने दायित्व का निर्वहन पूरी इमानदारी से कर रहे हैं। ऐसे में चिकित्सक के साथ दुर्व्यवहार ठीक नहीं है। ऐसे लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। इसकी सूचना विभाग के उच्चाधिकारियों को भी दी गयी है। इस मौके पर डा. मनीषा सिंह, फार्मासिस्ट जितेंद्र शुक्ला, जितेंद्र दुबे, सुभाषचंद्र गुप्ता आदि चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।