जिले के परिषदीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अप्रशिक्षित शिक्षकों को विभाग की तरफ से डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजूकेशन (डीएलएड ) के माध्यम से प्रशिक्षित करने की योजना है। इस योजना के तहत अब तक जिले के लगभग 1500 अप्रशिक्षित शिक्षकों की काउंसिलिंग करके उनके मूल्यांकन अभिलेख जमा कराए गए। सोमवार को महुआबाग स्थित कार्यालय पर ऐसे शिक्षकों की काउंसिलिंग हुई जिसमें लगभग 370 अप्रशिक्षित शिक्षक उपस्थित हुए।
इस संबंध में जिला समन्वयक प्रशिक्षण अमरनाथ द्विवेदी ने बताया कि परिषदीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में जो शिक्षक कार्यरत हैं और अभी तक बीटीसी या डीएलएड के माध्यम से प्रशिक्षित नहीं हैं, ऐसे शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए उनकी काउंसिलिंग की जा रही है। काउंसिलिंग के दौरान उनसे मूल प्रमाणपत्र जमा कराकर उसका सत्यापन कराया जाएगा। इसके बाद शासन के निर्देश पर उन्हें प्रशिक्षित करने के लिए प्रशिक्षण केन्द्र आवंटित किए जाएंगे।