खानपुर। गाजीपुर-वाराणसी रेल मार्ग स्थित औड़िहार जंक्शन का मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी डा. एसके झा ने शुक्रवार को आकस्मिक निरीक्षण किया। वहां की व्यवस्थाओं को देखने के साथ ही जंक्शन पर हो रहे कर्मचारियों के आवास और डेमू वर्कशॉप के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी दिन में साढ़े 11 बजे जंक्शन पर पहुंचे। सबसे पहले वह अधिकारियों के साथ जंक्शन पर हो रहे कर्मचारियों के लिए आवास और डेमू वर्कशॉप के निर्माण कार्य को देखने के लिए पहुंचे। बारी-बारी से सभी निर्माण कार्य को देखा। अधिकारियों से कार्य के संबंध में पूछताछ की। उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्माण कार्य में और तेजी लाने को कहा। यहां के बाद उन्होंने रेलवे के प्लेटफार्म पर जल की व्यवस्था और प्लेटफार्म को साफ-सफाई का निरीक्षण किया। इस दौरान एकाध टोटी में पानी न आने पर उन्होंने स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार उपाध्याय को उसे जल्द से जल्द दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्टेशन पर साफ-सफाई के साथ ही सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए, जिससे कि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े। इस मौके पर वाराणसी मंडल के सीनियर एसीओ सहित निर्माण के सभी अधिकारी उपस्थित रहे। मंडल रेल प्रबंधक के आकस्मिक निरीक्षण से रेल अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मची रही। शाम को साढ़े तीन बजे निरीक्षण कर रेल प्रबंधक को लौटने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।