गाजीपुर। प्रादेशिक विकास सेवा संगठन के आह्वान पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए शुक्रवार को विकास भवन परिसर में धरना- प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि आजगमढ़ में कार्यरत बीडीओ के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करने वाले एडीएम (प्रशासन) के कृत्य की जितनी निंदा की जाए कम है। जब-तक आरोपी अधिकारी पर विभागीय कार्रवाई करके निलंबित नहीं कर दिया जाता है तो धरना जारी रहेगा। धरने पर पहुंचे डीएम के बालाजी को सभी ने सीएम को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष अंबिका दूबे ने कहा कि 34 वर्षों की राजकीय सेवा एवं सांगठनिक जीवन में ऐसा पहली बार हुआ है कि डीएम के बालाजी स्वंय धरना स्थल विकास पर पहुंचे और धरनारत लोगों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं धरने को राज्य कर्मचारी महासंघ चतुर्थ श्रेणी, कर्मचारी संघ ग्राम विकास अधिकारी-ग्राम पंचायत अधिकारी समन्वय समिति, ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ, ग्राम्य विकास मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन सहित दर्जनों संगठनों ने धरने को अपना समर्थन दिया। इस मौके पर ओमप्रकाश यादव, सुरेश सिंह यादव, गोपाल जी खरवार, शशि यादव, दुर्गेश श्रीवास्तव, नितेश सिंह, गोपाल पांडेय, कमलेश सिंह, जयप्रकाश तिवारी, हरिनारायन राम और अरुण पांडेय ने प्रमुखता के साथ अपने विचार रखे। अध्यक्षता जिला विकास अधिकारी राकेश कुमार पांडेय और संचालन मिनिस्ट्रियल फेडरेशन के अध्यक्ष विजय शंकर राय ने किया।