भांवरकोल। स्थानीय विकासखंड में सभी विकास कार्य बहुत ही धीमी गति से हो रहे है। यह काफी चिंता का विषय है। यह बातें ब्लाक परिसर में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की आयोजित बैठक में ब्लाक प्रमुख अंजू यादव ने कही।
उन्होंने जिला प्रशासन और शासन से क्षेत्र में विकास के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध कराने की मांग की। खंड विकास अधिकारी अरुण पांडेय ने कहा कि सभी विकास कार्यों के प्रस्ताव भेज दिए जाएंगे। विकास कार्यों में धन की कमी आड़े न आए इसकी भी कवायद की जाएगी। इस दौरान मनरेगा, 14वां राज्य वित्त में वर्ष 2018-19 में कराए जाने वाले विकास कार्यों पर बारी-बारी से चर्चा की गई। खास बात यह रही की विकास के आठ एजेंडों पर गंभीर रुपष से चर्चा की गई। इस दौरान एक क्षेत्र पंचायत सदस्य ने कहा कि बैठक में निर्वाचित सदस्य स्वयं प्रतिभाग करें। अपने प्रतिनिधियों को न भेजें। इस पर खंड विकास अधिकारी ने कहा कि बैठक में सांसद, विधायक, मंत्री के प्रतिनिधि रह सकते हैं लेकिन बीडीसी और ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि भाग नहीं ले सकते। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि विनोद कुमार राय, एडीओ पंचायत रामबदन, वीरेंद्र, विनय कुमार राय, मयंकधर राय, विनोद पांडेय, रामजी राय, रणजीत, तेजप्रकाश कुशवाहा, गिरीश राय, अजय सिंह, रामनिवास, मंजू शुक्ला, पुष्पा, गुड़िया आदि मौजूद रहीं। अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख अंजू यादव और संचालन लेखाकार रमाशंकर प्रधान ने किया।