गाजीपुर। सिटी रेलवे स्टेशन के पास वाशिंग पिट पर खड़ी लाइफ-लाइन एक्सप्रेस का उद्धाटन संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा 28 दिसंबर को करेंगे। उद्धाटन होने के बाद 29 दिसंबर से देश के नामचीन अस्पतालों से आए चिकित्सक मरीजों का इलाज करेंगे। इसको लेकर रेलवे और जिला प्रशासन की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है।
लाइफ-लाइन एक्सप्रेस के उद्घाटन को लेकर स्टेज बनाने का कार्य बुधवार की शाम तक पूर्ण कर लिया गया। संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा द्वारा उद्घाटन करने के बाद बाहर से आए चिकित्सकों की तरफ से मरीजों की जांच, उपचार, आपरेशन नि:शुल्क की जाएगी। 29 दिसंबर से शुरू होने वाले इस चिकित्सकीय सुविधा के महाकुंभ का लाभ जिले के लोग 18 जनवरी तक उठा सकेंगे। लाइफ लाइन एक्सप्रेस में आए नामचीन चिकित्सकों की ओर से आंख, कटे होंठ एवं जलने के बाद संकुचन, कान, पोलिया, मिरगी, बीपी एवं मधुमेह के मरीजों की जांच और उपचार किया जाएगा।
चिकित्सकों की तरफ से आपरेशन करने के बाद मरीजों को जिला चिकित्सालय के सर्जिकल वार्ड, सिंह सर्जिकल अस्पताल, गाजीपुर नर्सिंग होम में भर्ती कराया जाएगा। इसकी भी तैयारी स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरी कर ली गई है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भी मरीजों का इलाज करेगी। इस संबंध में प्रोजेक्ट मैनेजर डॉ. याग्निक ने बताया कि उद्धाटन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सक की टीम भी आ चुकी है। 29 दिसंबर को आंख के मरीजों की जांच की जाएगी। साथ ही 30 दिसंबर से 4 जनवरी तक मोतियाबिंद से पीड़ित आंख के मरीजों का आपरेशन होगा।