गाजीपुर। जिले में कोरोना संक्रमण के मरीजों की संख्या में हो रही ताबड़तोड़ बढ़ोत्तरी से लोगों में दहशत बढ़ती चली जा रही है। हालत यह है कि जिले में अब तक 217 स्थानों से 315 मरीज मिल चुके हैं। अभी भी प्रक्रिया चल रही है और जिले भर में 127 स्थानों को हाटस्पाट बना दिया गया था। संक्रमित मरीज वाले गांवों को पूरी तरह सील कर दिया गया है। वहां आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है। निगरानी के लिए कुछ स्थानों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। कुछ मरीज क्वारंटीन सेंटरों में थे। पहले से बनाए गए 254 हाटस्पाट को समाप्त भी कर दिया गया है।
पिछले नौ दिनों से लगातार बड़ी संख्या में मरीजों के मिलने का क्रम जारी है। इसमें अधिकतर मरीज ग्रामीण क्षेत्रों से हैं। खास बात यह है कि जहां मरीज मिल रहे हैं उन स्थानों को हॉटस्पॉट तो बना दिया जा रहा है लेकिन प्रशासनिक कमी के कारण पूरी तरह से सख्ती नहीं हो पा रही है। अभी हाल ही में मुहम्मदाबाद नगर में चार स्थानों पर मरीज मिले हैं। जंगीपुर के भंवरी में, शहर के फुल्लनपुर, न्यू आमघाट कॉलोनी, सट्टी आदि स्थानों पर मरीज मिले हैं। रेवतीपुर बाजार में, देवकली के भिखेपुर, कासिमाबाद ब्लॉक में इस समय मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है।
सभी स्थानों को हॉटस्पॉट बनाया जा रहा है। कुछ मरीज कवारंटीन सेंटरों में भी थे लेकिन इसके पहले वह अपने गांव में भ्रमण कर चुके थे इसलिए वहां भी सख्ती की जा रही है। अभी हाल ही में जहां मरीज मिले हैं उनमें जमानिया का मंझरिया, सादात इकरा, कासिमाबाद के हबीबपुर , भांवरकोल के सुखडेहरा, दिलदारनगर, मुहम्मदाबाद का पक्का इनार, जखनिया के वृंदावन गांव, मनिहारी के सुजानीपुर, कासिमाबाद के सुरवत, जखनिया, खानपुर के छपरा, जखनिया के रामवन तथा मुहम्मदाबाद नगर शामिल है। करीब आठ स्थानों को सील कर दिया गया। आगापुर पारा, बूढ़नपुर, असैचनपुर, देवकली आदि गांवों के लोगों में कोरोना को लेकर काफी दहशत है।
नसीरपुर सुरवत गांव में एक ही साथ 14 मरीज मिले जिसके बाद ग्रामीणों की नींद उड़ गई। इसी प्रकार रेवतीपुर के नवली, गोपालपुर, शुक्लपुरा, देवकली, अठहिया, खालिसपुर, मदनही रसूलपुर गावों में भी मरीजों के मिलने के बाद लोगों में भय व्याप्त हो गई। सिरसी भोजापुर, रेवरिया आदि स्थानों को एक सप्ताह में हाट स्पाट बनाया गया है। उधर मरीजों के मिलने के बाद ग्राम महेशपुर कला थाना नोनहरा एवं ग्राम सिरसी, भोजापुर, थाना मरदह को कंटेनमेंट एरिया, हाटस्पाट के रूप में घोषित कर दिया। उधर मुहम्मदाबाद, रेवतीपुर, आदि स्थानों पर जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। इसी प्रकार रामपुर जीवन, पृथ्वीपुर, पकड़ी, सेवराई, नसरतपुर, हैदरगंज, जयनगर, गनपा आदि में मरीजों के मिलने के बाद इन इलाकों को हाटस्पाट बनाया गया। इन गांवों को बैरियर लगाकर सील कर दिया गया तथा लोगों की आवाजाही बंद कर दी गई। इसी प्रकार मनिहारी के चकबाकर, रेवतीपुर, सदर ब्लाक के डिलिया, दुल्लहपुर, मनिहारी ब्लाक के यूसुफपुर खड़बा एवं सदर ब्लाक के बभनौली गांव में मरीजों के मिलने के बाद गांव में आवाजाही रोक दिया गया है। सरायगोकुल, राजूपुर, भुड़कुड़ा, मोहनपुरवा, शादियाबाद के चौकड़ी चौरा आदि गांवों की ओर जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया है। कुछ स्थानों पर बनाया गया हॉटस्पॉट समाप्त भी कर दिया गया है। जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य नेे बताया कि प्रवासी मजदूरों की वजह से जिले में मरीजों की संख्या बढ़ी है। सुरक्षा के लिए हाटस्पाट बनाकर वहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।